गुरुग्राम |
गुरुग्राम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल विक्रम यादव पर हुए हमले का वीडियो सामने आया है। यह घटना चार दिन पहले की है। बताया जा रहा है कि स्कूल के छात्रों और कुछ बाहरी युवकों के बीच हुए विवाद के बाद प्रिंसिपल अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए युवकों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख प्रिंसिपल को स्कूल परिसर में भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग और दूसरा आरोपी सुंदर (37) शामिल है, जो मूल रूप से गांव भगवतीपुर, लाखनमाजरा, रोहतक का रहने वाला है और वर्तमान में राजीव नगर में रह रहा है।
स्कूल गेट के बाहर हुआ था विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दोपहर के समय सेक्टर-14 स्थित केंद्रीय विद्यालय के गेट नंबर-2 के बाहर कुछ बाहरी असामाजिक तत्वों ने स्कूल के छात्रों के साथ कहासुनी और मारपीट की थी। शाम करीब 4:25 बजे जब प्रिंसिपल स्कूल से बाहर निकले, तो पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी को रुकने का संकेत दिया।
वाहन रुकते ही किया ताबड़तोड़ हमला
गाड़ी रुकते ही आरोपियों ने डंडों से हमला बोल दिया। लगातार वार किए जाने से कार का अगला शीशा चकनाचूर हो गया और कांच के टुकड़े प्रिंसिपल के चेहरे और आंखों पर लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वे गाड़ी छोड़कर स्कूल के अंदर भाग गए। इस दौरान बीच-बचाव करने आए स्कूल के एक सुरक्षाकर्मी को भी चोटें आईं।
पुलिस पूछताछ में सामने आई वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुंदर ने बताया कि वह ऑनलाइन टीवी बिक्री और रिपेयरिंग का काम करता है। उसका भतीजा इसी स्कूल में पढ़ता है, जिसका किसी बात को लेकर सहपाठियों से विवाद हो गया था। इसी रंजिश में उसने अपने दूसरे भतीजे और उसके दोस्तों के साथ मिलकर प्रिंसिपल पर हमला किया और कार का शीशा तोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




