गुरुग्राम : शहर के सेक्टर-93 स्थित सिद्धार्थ एन्क्लेव सोसाइटी में बुधवार को एक 27 वर्षीय विवाहिता शर्मिला ने अपने 3 वर्षीय बेटे युवान के साथ सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मायका पक्ष ने लगाए दहेज उत्पीड़न के आरोप
मृतका के परिजनों ने घरेलू कलह और दहेज उत्पीड़न को आत्महत्या का कारण बताया है। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर ससुराल पक्ष पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पारस अस्पताल में नर्स थी शर्मिला
पुलिस के अनुसार, शर्मिला पारस अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी और उसका परिवार महेंद्रगढ़ के बिछनी गांव से ताल्लुक रखता है। वह अपने पति रोहित और ससुर के साथ करीब दो साल से सोसाइटी में रह रही थी।
घरेलू झगड़े के बाद उठाया कदम
SHO योगेश कुमार ने बताया कि घटना के समय पति और ससुर घर पर मौजूद थे, और दोनों का महिला से झगड़ा हुआ था। इसके बाद शर्मिला अपने बेटे को लेकर बालकनी में गई और छलांग लगा दी।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, इसलिए आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। शिकायत मिलते ही केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।




