गुरुग्राम के नूरपुर गांव में एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने जब उसे फंदे से लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय सुधीर कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुधीर का कुछ परिचितों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पैसे वापस करने का उल्लेख बताया जा रहा है। पुलिस ने नोट को जब्त कर लिया है और उसमें दर्ज विवरण फिलहाल गोपनीय रखा गया है।
परिजनों के अनुसार, सुधीर पहले दुकानदारी करता था, लेकिन हाल के समय में वह बिल्डिंग मैटीरियल के कारोबार से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि उसके चाचा और उनके बेटों सहित कई लोगों के साथ उसका आर्थिक लेन-देन था। सुसाइड नोट में आठ से दस लोगों के नाम लिखे होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ महीने पहले सुधीर का अपनी पत्नी से भी विवाद हुआ था। करीब चार महीने पहले पत्नी ने उस पर शराब के नशे में मारपीट का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। बाद में समझौते के बाद उसे छोड़ दिया गया। उस दौरान सुधीर ने भी अपने साथ मारपीट होने और चोट लगने के चलते अस्पताल में भर्ती होने की बात कही थी।
बिलासपुर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




