कुरुक्षेत्र। गांव डोडा खेड़ी स्थित श्रीराम कुष्ठ आश्रम में सेवा ट्रस्ट यूके भारत की ओर से वहां रहने वाले परिवारों को उनकी जरूरत का सामान वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के जिला कोऑर्डिनेटर पवन मित्तल ने बताया कि सेवा ट्रस्ट लगातार सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहता है और आज उसी श्रृंखला के तहत आश्रम में वस्तु वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
पवन मित्तल ने आश्रम में रहने वाले सभी परिवारों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि डाबर इंडिया के सहयोग से सभी परिवारों को ‘बूस्टर गिफ्ट पैक’ वितरित किए गए, जिनमें डाबर बॉर्नवीटा, टूथपेस्ट, टूथब्रश, शैंपू, नारियल तेल, शहद और खांसी से राहत देने वाले डाबर हनी-टस जैसे उत्पाद शामिल थे।
उन्होंने बताया कि सेवा ट्रस्ट यूके भारत समय-समय पर गरीब, लाचार और जरूरतमंद लोगों का सहयोग करता रहता है तथा उन्हें इम्यूनिटी बूस्टर किट भी वितरित की जाती है।
सेवा ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी विजय पंघाल ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा अंबाला के गांव साहा में ‘सेवा धाम’ नाम से मल्टी-फैसिलिटी होम बनाया जा रहा है, जहां करोड़ों रुपये की लागत से कई सामाजिक सुविधाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि दुर्लभ बीमारी ड्यूकेन मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी से पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए 6655 वर्ग गज में फैले सेवा धाम का निर्माण तेज गति से चल रहा है, ताकि इन बच्चों को बेहतर देखभाल मिल सके।
इसके साथ ही सेवा धाम में महिलाओं के लिए विभिन्न स्किल कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर होकर अपना रोजगार स्थापित कर सकेंगी।
ट्रस्ट के वॉलंटियर तेजस मित्तल ने बताया कि सेवा ट्रस्ट समय-समय पर आशा वर्कर्स, सफाई कर्मचारियों, ब्लड डोनर्स, होनहार खिलाड़ियों और सरकारी स्कूलों के छात्रों को इम्यूनिटी बूस्टर किट देकर सम्मानित करता है और सामाजिक कार्यों में निरंतर बढ़-चढ़कर भाग लेता है।
इस अवसर पर श्रीराम कुष्ठ आश्रम के सभी निवासी मौजूद रहे।




