कैथल। जिले के गांव ग्योंग में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक कैथल–कुरुक्षेत्र रोड से होकर गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। इसलिए शव को 72 घंटे के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पहचान न होने की स्थिति में आगे की प्रक्रिया कानून के अनुसार पूरी की जाएगी।
सदर थाना के जांच अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला तेज रफ्तार वाहन की टक्कर का प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस मौके की जांच कर रही है और आरोपी वाहन चालक की तलाश जारी है।




