हरियाणा के कैथल जिले में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक से जा रहे दो लोगों को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए एक के बाद एक मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने पहले एक व्यक्ति को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मारीं और जब वह जान बचाने के लिए खेतों की ओर भागा, तब भी पीछा नहीं छोड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पहले शिकार की मौत की पुष्टि करने के बाद बदमाश दूसरे व्यक्ति के पीछे गांव तक पहुंच गए और वहां उसे भी गोलियों से छलनी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पहली हत्या गांव जटेडी के पास हुई, जबकि कुछ ही देर बाद दूसरी वारदात गांव पाई में सामने आई। मृतकों की पहचान चाचा-भतीजे के रूप में हुई है। दोनों को बेहद सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह दोहरा हत्याकांड पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच वर्षों पहले जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें पहले भी जानलेवा घटनाएं हो चुकी थीं। उसी दुश्मनी का बदला लेने की आशंका जताई जा रही है।
कैथल एसपी उपासना ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए की कई टीमें जांच में जुटी हैं। डीएसपी क्राइम खुद पूरे केस की निगरानी कर रहे हैं। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जांच के बाद हत्या के पीछे की असल वजह साफ हो जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




