कुरुक्षेत्र कोर्ट परिसर में विधिक सेवा एवं रक्तदान शिविर आयोजित, नालसा की योजनाओं पर नुक्कड़ नाटक और रागनी के जरिए जागरूकता
कुरुक्षेत्र, 16 अक्टूबर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं तभी प्रभावी होंगी जब आमजन को उनके बारे में जानकारी होगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए हमें जागरूकता फैलानी होगी।
जज मित्तल वीरवार को जिला कोर्ट परिसर में आयोजित मेगा विधिक सेवा एवं रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने रक्तदान को नर सेवा से नारायण सेवा का माध्यम बताते हुए कहा कि यह कई अनमोल जिंदगियों के लिए वरदान बन सकता है।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों में योजनाएं हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में आम लोग उनका लाभ नहीं उठा पाते। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंदों को न्याय दिलाने के लिए एडवोकेट्स को आगे आना चाहिए। अगर किसी को किसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, तो वह लीगल एड ऑफिस में लिखित शिकायत दे सकता है।
नालसा के उद्देश्यों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्था समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता देती है और लोक अदालतों के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करती है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि नालसा न्याय की पहुंच को सबके लिए सुनिश्चित करने का कार्य कर रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्याय से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नितिका भारद्वाज ने बताया कि डीएलएसए मध्यस्थता के माध्यम से केसों का निपटारा कर रही है, जिससे समय और धन की बचत होती है।
इससे पहले अतिथियों ने कोर्ट परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया। शिविर में विभिन्न विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण किया गया और योजनाओं की जानकारी ली गई। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने रागनी के माध्यम से लोक अदालत के फायदे बताए, जबकि हरियाणा कला परिषद के न्यू उत्थान थिएटर ने नालसा और शिक्षा के अधिकार पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन उप अधीक्षक रुमन गुप्ता ने किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, डीआईपीआरओ डॉ. नरेंद्र सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े न्यायाधीश सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




