कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सामुदायिक केंद्र में एनएसएस यूनिट शिक्षण विभाग और यूथ सोशलग्राम फाउंडेशन की ओर से तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाना है।
कुरुक्षेत्र, 18 नवंबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई शिक्षण विभाग एवं यूथ सोशलग्राम फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई। शिविर में छात्राओं को कठिन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग करने और आत्मविश्वास बढ़ाने पर मुख्य फोकस किया गया।
शिविर का उद्घाटन करते हुए केयू छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण केवल तकनीक सीखने का माध्यम नहीं, बल्कि युवतियों में आत्मविश्वास और साहस को विकसित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को अधिक सुरक्षित और जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सौरभ चौधरी ने कहा कि आत्मरक्षा सिर्फ शारीरिक तकनीक नहीं, बल्कि एक मानसिकता है जो साहस से उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा कौशल युवतियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने में सक्षम बनाते हैं।
शिविर में आत्मरक्षा प्रशिक्षक रोहताश कुमार ने छात्राओं को पंच, ग्रैब डिफेंस, कैच छुड़ाने, वार से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया जैसी महत्वपूर्ण तकनीकें सिखाईं। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा का अभ्यास मानसिक और शारीरिक दोनों रूपों में सशक्त बनाता है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि माथुर द्वारा समन्वित इस शिविर में हर दिन नई तकनीकों पर फोकस किया गया। छात्राओं ने प्रशिक्षण को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ाने वाला बताया तथा ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता की मांग की।
शिविर में यूथ सोशलग्राम फाउंडेशन के राज्य सचिव और राज्य एनएसएस अवॉर्डी हर्ष कुमार सहित उद्यान, बिट्टू, निधि, साहिल समेत कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।




