कुरुक्षेत्र।
कुरुक्षेत्र स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में बुधवार शाम हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में करीब 104 करोड़ 50 लाख रुपये के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके साथ ही धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन पद से बलजीत सिंह दादूवाल को हटाने पर भी सहमति बनी।
कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने बताया कि बजट पारित होने के साथ मेंबर्स के कोटे को भी लागू कर दिया गया है, ताकि जरूरतमंद संगत को आर्थिक सहायता दी जा सके। उन्होंने कहा कि बजट का उपयोग धर्म प्रचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा।
पहले ही हटाए जा चुके थे दादूवाल: झींडा
जत्थेदार झींडा ने कहा कि चुनाव के बाद विभिन्न कमेटियों का गठन कर चेयरमैन नियुक्त किए गए थे, लेकिन कुछ समय बाद इन कमेटियों को भंग कर उनके चेयरमैन भी हटा दिए गए थे। इसके बावजूद नामजद सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल स्वयं को धर्म प्रचार कमेटी का चेयरमैन बताते रहे।
संगत से फंड जुटाने का आरोप
झींडा ने आरोप लगाया कि दादूवाल ने खुद को चेयरमैन बताकर संगत से धन एकत्र किया, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एकत्रित राशि कमेटी को जमा नहीं कराई गई तो दादूवाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बजट बैठक में व्यवधान का दावा
प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि बजट बैठक को बाधित करने के उद्देश्य से दादूवाल ने कुछ सदस्यों को नाडा साहिब, पंचकूला में एक कमरे में बंद रखा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गुरु घर के कार्यों में रुकावट डालता है, वह सेवा के योग्य नहीं है। झींडा ने यह भी दावा किया कि दादूवाल पर पहले से कई मामले दर्ज हैं।
ज्यूडिशियल कमीशन के आदेश के बाद पेश हुआ बजट
बताया गया कि कमेटी के अधीन कार्यरत कर्मचारियों ने वेतन बढ़ोतरी को लेकर हरियाणा सिख गुरुद्वारा ज्यूडिशियल कमीशन में अपील की थी। बजट पारित न होने के कारण वेतन नहीं बढ़ाया जा सका था। इस पर कमीशन ने कमेटी को फटकार लगाते हुए तत्काल बजट पेश करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह बैठक आयोजित की गई।




