इंसाइट न्यूज 24,कुरुक्षेत्र, 27 अगस्त — श्रीकृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा राधा अष्टमी पर्व की पूर्व संध्या पर 30 अगस्त को राधा जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर गीता ज्ञान संस्थानम में बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता पर्व संयोजक हंसराज सिंगला ने की।
शोभायात्रा का मार्ग और आकर्षण
शोभायात्रा सायं 3 बजे गीता ज्ञान संस्थानम से प्रारंभ होकर ब्रह्मसरोवर, अर्जुन चौक, देवीलाल चौक, महाराणा प्रताप चौक, नया बाजार, सिकरी चौक, पालिका बाजार, अंबेडकर चौक, रेलवे रोड होते हुए कोऑपरेटिव बैंक चौक तक पहुंचेगी और फिर सलारपुर रोड से वापसी करते हुए सायं 7 बजे संस्थानम में समापन होगा।
यात्रा में गौमाता, गीता गोपाल और ठाकुर जी की पालकी, रंग-बिरंगी झांकियां और बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। नगर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाएं शोभायात्रा का फूलों की वर्षा और जलपान से स्वागत करेंगी।





