Home » लेटेस्ट न्यूज़ » कुरुक्षेत्र में सिक्योरिटी कंपनी के सुपरवाइजर पर फायरिंग, मोबाइल टावर से बैटरी चोरी कर फरार हुए बदमाश

कुरुक्षेत्र में सिक्योरिटी कंपनी के सुपरवाइजर पर फायरिंग, मोबाइल टावर से बैटरी चोरी कर फरार हुए बदमाश

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार देर रात बदमाशों ने सिक्योरिटी कंपनी के सुपरवाइजर पर फायरिंग कर दी। गोली सुपरवाइजर के बिल्कुल पास से निकल गई। वारदात उस समय हुई जब सुपरवाइजर बदमाशों का पीछा कर रहे थे, जो मोबाइल टावर का शेल्टर तोड़कर बैटरी चोरी कर भाग रहे थे।

अलार्म बजते ही पहुंचा सुपरवाइजर
राव कासिम खेड़ी, निवासी रंगडान जिला यमुनानगर, ने बताया कि वे एक सिक्योरिटी कंपनी में सुपरवाइजर हैं, जिसकी जिम्मेदारी मोबाइल टावरों की निगरानी की है। बुधवार-गुरुवार रात करीब 1:48 बजे छपरी गांव स्थित एक टावर से छेड़छाड़ का अलार्म बजा। उन्होंने तुरंत ड्राइवर अंकुश निवासी टोपरा कलां को साथ लिया और घटनास्थल के लिए रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी।

इको कार में बैठे संदिग्ध हुए फरार
जब वे टावर के पास पहुंचे तो वहां HR91B-1231 नंबर की एक इको कार खड़ी मिली, जिसमें कई संदिग्ध मौजूद थे। सुपरवाइजर को देखते ही वे शुगर मिल शाहाबाद की ओर गाड़ी भगाने लगे। कासिम और उनका ड्राइवर भी तुरंत उनकी कार का पीछा करने लगे। बदमाश हाईवे की ओर पिपली की दिशा में मुड़े, लेकिन पीछा जारी रहा।

पीछा रोकने के लिए फायरिंग
पीछा करते हुए शरीफगढ़ फ्लाईओवर के पास बदमाशों की कार एक ट्रक के कारण धीमी हो गई। इसी दौरान एक बदमाश ने कार की खिड़की से बाहर निकलकर सुपरवाइजर पर फायरिंग कर दी। उस वक्त कासिम अपनी गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर कार का नंबर नोट कर रहे थे। गोली उनके बिल्कुल पास से गुजर गई और बदमाश मौके से फरार हो गए।

टावर से बैटरी चोरी
घटना के बाद जब कासिम वापस टावर पर पहुंचे तो पाया कि शेल्टर का ताला टूटा हुआ था और 600 AH की बैटरी चोरी हो चुकी थी। बदमाश बैटरियों को खोल चुके थे, लेकिन अलार्म बजने और टीम के समय पर पहुंचने के कारण वे सभी बैटरियां लोड नहीं कर पाए।

पुलिस ने हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया
थाना शाहाबाद के SHO सुनील वत्स ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हथियार अधिनियम और हत्या की कोशिश सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। CIA और थाना टीम मिलकर जांच कर रही है। वाहन नंबर के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स