इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में साइक्लोथॉन का शुभारंभ करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की पवित्र भूमि, जहां मां सीता का जन्म हुआ और भगवान बुद्ध ने मानवता का संदेश दिया, उसी धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता को लेकर की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राहुल गांधी से देश से सार्वजनिक माफी की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने अपने परिश्रम से भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ाया है। उनकी मां पर की गई टिप्पणी विपक्ष की हताशा को दर्शाती है।” उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को इस तरह की भाषा बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
🧹 स्वच्छता अभियान और वेबसाइट लॉन्च
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत सड़क पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने स्वच्छता की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता से जुड़ी तस्वीरें वेबसाइट पर अपलोड करें।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, नगर परिषद चेयरपर्सन माफी ढांडा और जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर भी मौजूद रहीं।
🏐 खेलों को लेकर बड़ी घोषणा
बाद में मुख्यमंत्री द्रोणाचार्य स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने वॉलीबॉल खेल में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने पदक विजेता खिलाड़ियों को ₹593 करोड़ के पुरस्कार दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को मानदेय भी देती है ताकि वे खेलों में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।




