कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के इंद्री रोड पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें इंद्री निवासी 53 वर्षीय बलबीर की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा कमल (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दो बाइकों की आपसी टक्कर से हुआ। दूसरी बाइक पर सवार लोग भी जख्मी बताए जा रहे हैं।
कमल ने पुलिस को बताया कि वह और उसके पिता बलबीर चादर बेचने का काम करते हैं। दोनों कुरुक्षेत्र में अपने रिश्तेदार से मिलने आए थे और दोपहर करीब सवा 3 बजे अपनी अपाचे बाइक (HR75D-2851) पर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गुरईया फॉर्म के पास पहुंचे, उनके आगे चल रहे बाइक सवार ने बिना इंडिकेटर या इशारा दिए अचानक बाइक मोड़ दी, जिससे उनकी बाइक उससे जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें सड़क पर गिर गईं। हादसे में बलबीर के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वे बेहोश हो गए। राहगीरों ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को LNJP अस्पताल, कुरुक्षेत्र पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने बलबीर को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कमल के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।




