कुरुक्षेत्र, हरियाणा। जिले के विर्क रिसॉर्ट में दो भाइयों के शादी रिसेप्शन के दौरान शगुन का बैग चोरी हो गया। बैग में लगभग 8 से 10 लाख रुपये होने की संभावना है। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी दूल्हा–दुल्हन को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। उनके लौटने के कुछ देर बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया।
मेहमान बनकर आए चोर, पहले खाना खाया फिर बैग लेकर निकल गए
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें दो युवक पहले पार्टी में खाना खाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे बिना किसी हड़बड़ी के कार की सीट के नीचे रखा शगुन का बैग उठाकर रिसॉर्ट के बाहर जाते दिखते हैं। चोर मेहमान के रूप में समारोह में शामिल हुए, जिससे किसी को शक भी नहीं हुआ।

शगुन रखने की जिम्मेदारी रिश्तेदार को थी
दूल्हे के पिता हरदीप सिंह, जो सेक्टर-7 के निवासी और प्रॉपर्टी डीलर हैं, ने बताया कि मुख्यमंत्री के जाने के बाद वे रिश्तेदार की कार से मिठाई निकाल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शगुन का बैग गाड़ी की सीट के नीचे रख दिया। डिक्की में सामान निकालने में व्यस्त होने का फायदा उठाकर चोर बैग चुरा ले गए।
बैग में कई लोगों द्वारा दिया गया शगुन रखा हुआ था।
अगली सुबह पुलिस को दी शिकायत, FIR दर्ज
परिवार ने अगली सुबह सेक्टर-8 पुलिस चौकी में शिकायत दी। चौकी इंचार्ज कमल कुमार ने बताया कि मामला थाना सिटी थानेसर में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज खंगाला।
फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश जारी है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।




