इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के अमीन रेलवे स्टेशन के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्टेशन के किलोमीटर 148 के समीप ट्रैक किनारे एक नवजात भ्रूण मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। GRP की टीम ने मौके पर पहुंचकर भ्रूण को कब्जे में लिया और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई कमल राणा ने बताया कि स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि भ्रूण एक पुरुष शिशु का था, जिसकी उम्र लगभग छह महीने आंकी गई है। सिर पर हल्की चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद भ्रूण को दफना दिया है। फिलहाल GRP की टीम आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण को ट्रेन से फेंका गया या किसी ने स्टेशन के पास छोड़ दिया। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।




