कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में एक शातिर ठग ने बाप-बेटे को अपने धोखे का शिकार बना लिया। आरोपी खुद को मददगार दिखाते हुए उनसे नोट बदलने के बहाने करीब 20 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कैथल जिले के कोकत गांव निवासी वेद प्रकाश ने बताया कि वह अपने बेटे तिलक राज (36 वर्ष) के साथ बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कुरुक्षेत्र दवा लेने आया था। जब दोनों नए बस स्टैंड के छोटे गेट से बाहर निकले, तो एक युवक उनके पीछे लग गया।
वेद प्रकाश के अनुसार, वह युवक बातों में उलझाकर उन्हें होंडा बाइक एजेंसी के पास ले गया और कहने लगा कि वह वहां बाइक बुक करवाना चाहता है, लेकिन एजेंसी 200-200 के नोट नहीं लेती, इसलिए 500 के नोट दे दो।
वह युवक 500-500 के बंधे नोट देने का झांसा देकर उनसे 20 हजार रुपए लेकर चला गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो दोनों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल, पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही ठग की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




