कुरुक्षेत्र। कंपनी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हनुमान सहाय सैनी निवासी छापर की ढाणी, जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
ज्यादा मुनाफे का लालच देकर बनाया शिकार
खेड़ी जट्टान निवासी चरण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात हनुमान सहाय और जयबीर सिंह से हुई थी। दोनों ने उसे एक कंपनी में निवेश करने का सुझाव दिया और 100 से 250 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
शुरुआत में कम राशि लगाने पर उसे कुछ फायदा भी हुआ, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बड़ी रकम निवेश करने के लिए तैयार कर लिया।
रकम फंसने पर हुआ ठगी का एहसास
शिकायतकर्ता ने आरोपियों के कहने पर करीब 7 लाख रुपये निवेश कर दिए। लेकिन जब उसने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो कोई पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद आरोपी बहाने बनाने लगे, जिससे उसे ठगी का शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दी।
पहले भी एक आरोपी हो चुका है गिरफ्तार
इस मामले में थाना सदर थानेसर पुलिस पहले ही जयबीर सिंह निवासी पानीपत को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान अब दूसरे आरोपी हनुमान सहाय सैनी को भी काबू कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।




