कुरुक्षेत्र, 5 फरवरी।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) योजना के तहत नवनियुक्त जिला युवा अधिकारियों का फील्ड प्रशिक्षण कार्यक्रम कुरुक्षेत्र जिले में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 8 फरवरी 2026 तक चलेगा।
फील्ड प्रशिक्षण के तहत बुधवार को माई भारत कुरुक्षेत्र की टीम ने उपायुक्त कुरुक्षेत्र विश्राम कुमार मीणा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उप निदेशक सुरमयी शर्मा, कार्यक्रम एवं लेखा सहायक पंकज गौड़ सहित नवनियुक्त जिला युवा अधिकारी निस्सी, श्रारनया, वैभव रत्नम, वंश शर्मा और प्रिंस सिंह उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने अधिकारियों को जिले में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, प्रशासनिक व्यवस्था और विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रशिक्षण अवधि के दौरान जमीनी स्तर पर कार्य अनुभव प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अधिकारियों ने ज्योतिसर स्थित अनुभव केंद्र का भ्रमण किया। यहां महाभारत से जुड़ी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक तकनीक आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय विरासत को समझने का अवसर मिला। इसके अलावा अधिकारियों ने माई भारत केंद्र कुरुक्षेत्र का दौरा कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।
माई भारत के उप निदेशक सुरमयी शर्मा के नेतृत्व में चल रहे इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नवनियुक्त जिला युवा अधिकारियों को फील्ड स्तर पर कार्य अनुभव प्रदान कर उन्हें युवा केंद्रित कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए तैयार करना है।




