कुरुक्षेत्र, 21 अक्टूबर : दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में ढाबे पर ड्यूटी कर रहे वॉचमैन इस्लामुद्दीन (55) की मौत हो गई। तेज रफ्तार डाक पार्सल कैंटर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद ड्राइवर कैंटर छोड़कर फरार हो गया।
बेटे ने टायर के नीचे से निकाला शव
इस्लामुद्दीन का बेटा इजाजुदीन भी उसी ढाबे पर काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि रात करीब साढ़े 9 बजे उसके पिता ड्यूटी पर थे, तभी पिपली की तरफ से तेज रफ्तार में कैंटर आया और सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही इस्लामुद्दीन कैंटर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ढाबे पर दिन-रात काम करते थे बाप-बेटा
मृतक बांगरमऊ, जिला उन्नाव (उत्तर प्रदेश) का निवासी था और उमरी चौक के पास स्थित ढाबे पर काम करता था। बाप-बेटा दिन-रात शिफ्ट में ढाबे पर सेवा करते थे।
पुलिस ने केस दर्ज किया, पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से भाग गया। पुलिस ने डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सदर थाना थानेसर में कैंटर नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आज शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।




