कुरुक्षेत्र के खेड़ी मारकंडा गांव में शनिवार रात स्काइट कॉलेज के पास स्थित एक करियाना स्टोर पर दो बाइक सवार बदमाशों ने दुकानदार को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल दुकानदार रामवीर शर्मा को परिजनों ने तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। पूरी घटना रात करीब 9 बजे हुई और स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
स्टोर में घुसकर की फायरिंग
नेता कॉलोनी निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ गोल्डी ने बताया कि वह अपने पिता रामवीर शर्मा के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाश अचानक स्टोर में घुसे और उनके पिता पर फायरिंग कर दी। एक गोली रामवीर शर्मा के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े।
अस्पताल में हालत गंभीर
गोल्डी ने बताया कि उन्होंने तुरंत अपने पिता को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। गोली पेट के साइड से आर-पार होने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही सीआईए और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
सिर्फ 3 सेकेंड में अंजाम दी वारदात
सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी वारदात से पहले पिस्टल साफ करते हुए स्टोर में जाते दिखाई दे रहे हैं। एक आरोपी ने सफेद और दूसरे ने पीले रंग की कैप पहन रखी थी। मात्र 3 सेकेंड में फायरिंग कर दोनों बदमाश तेजी से बाइक पर फरार हो गए।
किसी से दुश्मनी नहीं : परिजन
गोल्डी ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।




