कुरुक्षेत्र जिले में शुक्रवार को हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जन विश्वास–जन विकास समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 के तहत चयनित 1353 लाभार्थियों को आवास के अधिकार पत्र वितरित किए जाएंगे।
डीसी विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि यह कार्यक्रम नए लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित होगा। इसमें राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी और लाभार्थियों को अधिकार पत्र सौंपेंगी। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला से कार्यक्रम में लाइव जुड़कर जनता को संबोधित करेंगे।
समारोह में उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिसमें पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने के तरीके शामिल होंगे। इसके साथ ही सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित एक बुकलेट भी बांटी जाएगी।
डीसी मीणा ने कहा कि यह बुकलेट आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और कामकाज को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगी।




