हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सन्निहित सरोवर से एक मानव सिर बरामद होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। यह मामला उस समय सामने आया, जब सरोवर की सफाई कर रही एक महिला कर्मी की नजर पानी में पड़ी एक संदिग्ध वस्तु पर गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलने के बाद सीआईए-2 टीम और कृष्णा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में सिर को सरोवर से बाहर निकाला गया और जांच के लिए कब्जे में लिया गया। पुलिस ने सिर को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवा दिया है।
पुलिस को आशंका है कि यह सिर 30 दिसंबर को केशव पार्क में मिले अज्ञात शव से संबंधित हो सकता है। उस समय पार्क से केवल धड़ मिला था, जबकि सिर लापता था। मृतक की पहचान न हो पाने के कारण जांच अब तक अटकी हुई थी।
सफाई कर्मचारी ने बताई आपबीती
सफाई कर रही महिला कर्मचारी ने बताया कि दोपहर के समय जब वह सरोवर के किनारे झाड़ू लगा रही थी, तभी उसका झाड़ू पानी में पड़ी एक काली चीज से टकराया। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह मानव सिर है, जिसे देखकर वह घबरा गई और अपने साथियों को सूचना दी।
पुलिस अधिकारियों का बयान
थाना प्रभारी के अनुसार, सूचना मिली थी कि सरोवर में किसी व्यक्ति के बाल दिखाई दे रहे हैं। मौके पर पहुंचकर जांच कराई गई और सिर को सुरक्षित निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर को मिले शव की एक टांग कटी हुई थी, जिस पर कृत्रिम टांग लगी थी।
पार्क और सरोवर की नजदीकी से बढ़ी आशंका
पुलिस का कहना है कि केशव पार्क और सन्निहित सरोवर के बीच केवल एक सड़क का फासला है, जो करीब 30 मीटर है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या पार्क में की गई और सिर को सरोवर में फेंक दिया गया।
पहचान के लिए डीएनए जांच
सिर न मिलने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो पा रही थी। अब पुलिस सिर और धड़ का डीएनए मिलान कराकर पहचान सुनिश्चित करने की तैयारी में है। साथ ही सरोवर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
ब्लाइंड मर्डर सुलझने की उम्मीद
यह मामला अभी भी ब्लाइंड मर्डर की श्रेणी में है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है।




