कुरुक्षेत्र, 27 दिसंबर।
कुरुक्षेत्र जिले की तहसीलों और उप-तहसीलों में नागरिकों को पारदर्शी प्रणाली के तहत सभी राजस्व सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त के निर्देश पर जिले की छह तहसीलों और उप-तहसीलों में एक ही दिन में 667 लंबित इंतकाल मामलों का निपटारा किया गया। उन्होंने शनिवार को राजस्व विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में बैठकर लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए थे।
जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी की निगरानी में थानेसर तहसील में 215, पिहोवा में 82, इस्माईलाबाद में 150, लाडवा में 72, बाबैन में 73 तथा शाहबाद में 75 इंतकाल किए गए। इस प्रकार कुल 667 लंबित इंतकाल मामलों का समाधान किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बाबैन उप-तहसील से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, ऑनलाइन इंतकाल और ऑनलाइन निशानदेही की योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना के प्रदेशव्यापी क्रियान्वयन से अब लोगों को घर बैठे रजिस्ट्री और इंतकाल की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रणाली के तहत लंबित सभी इंतकाल मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे तहसीलों में पारदर्शिता बढ़ी है और आमजन को राहत मिली है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने दोहराया कि जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य किया जाएगा। राजस्व विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करेंगे। किसी अधिकारी के खिलाफ शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




