करनाल, 18 मार्च। करनाल जिले के निगदु क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मेडिकल स्टोर पर बिना उचित जांच के इंजेक्शन लगाने से युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद संबंधित व्यक्ति मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, गांव बीर बडालवा निवासी जगिंद्र कौर ने बताया कि 17 मार्च की रात उनके बेटे कुलवंत सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। वह उसे बाइक पर बैठाकर निगदु स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने ले गईं। आरोप है कि वहां मौजूद व्यक्ति ने बिना किसी जांच के ही युवक को इंजेक्शन लगा दिया।
इंजेक्शन के बाद अचानक बिगड़ी हालत
जगिंद्र कौर के मुताबिक, जब वह पानी लेने बाहर गई हुई थीं, उसी दौरान उनके बेटे को इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगते ही उसकी हालत बिगड़ गई और वह दुकान में ही गिर पड़ा। उन्होंने तुरंत इंजेक्शन रोकने को कहा, लेकिन तब तक दवा शरीर में जा चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित
परिजनों का कहना है कि युवक की हालत खराब होने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
परिवार का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया। इस मामले में थाना निगदु पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




