Home » क्राइम » करनाल के असंध में घर के अंदर बुजुर्ग दंपती की हाथ-पैर बंधी लाश मिलने से हड़कंप

करनाल के असंध में घर के अंदर बुजुर्ग दंपती की हाथ-पैर बंधी लाश मिलने से हड़कंप

Picture of insightnews24

insightnews24

हरियाणा के करनाल जिले के असंध इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बुजुर्ग दंपती की घर के अंदर बंधे हाथ-पैरों के साथ लाशें मिलीं। यह घटना बीडीपीओ कार्यालय के पास स्थित गली की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि लूटपाट के इरादे से दोनों की हत्या की गई है।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय हरि सिंह और उनकी 75 वर्षीय पत्नी लीला के रूप में हुई है। दोनों पति-पत्नी घर में अकेले रहते थे। सोमवार सुबह उनका पोता रोहित जब घर पहुंचा तो दरवाजे पर हल्का सा कुंडा लगा मिला। अंदर जाते ही उसने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे वह घबरा गया और तुरंत अपने चाचा को बुलाया।

जब परिजन अंदर पहुंचे तो देखा कि हरि सिंह और लीला के हाथ-पैर बंधे हुए थे और दोनों के शरीर अकड़े हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची असंध थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। जांच के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है।

पुलिस के अनुसार हरि सिंह मूल रूप से करसा गांव के निवासी थे और करीब 40 वर्षों से असंध में रह रहे थे। वे पहले नंबरदार रह चुके थे और कबाड़ का व्यवसाय करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक गुलाब रत्तक रोड पर रहता है, जबकि दूसरा बेटा बंसी पास ही रहता है।

थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स