कुरुक्षेत्र।
कुरुक्षेत्र जिला पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बदमाश चाचा-भतीजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुलदीप उर्फ मीनू निवासी खेड़ी जालब जिला हिसार को देसी कट्टे और कारतूस के साथ काबू किया, जबकि उसकी निशानदेही पर उसके भतीजे दीपक को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों जिला कुरुक्षेत्र में दर्ज मामलों में वांटेड थे।
गश्त के दौरान हुई कार्रवाई
CIA-2 के इंचार्ज मोहन लाल ने बताया कि उनकी टीम 100 फुटा रोड पर उधम सिंह चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुलदीप उर्फ मीनू सुंदरपुर पुल के पास किसी का इंतजार कर रहा है और उसके पास देसी कट्टा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची तो युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ।
भतीजे की गिरफ्तारी भी की गई
पूछताछ में मीनू ने कबूल किया कि उसने यह कट्टा अपने भतीजे दीपक से लिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
अंतरराज्यीय अपराधी निकला चाचा
मोहन लाल ने बताया कि आरोपी कुलदीप के खिलाफ दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट, छीना-झपटी और आर्म्स एक्ट के तहत 11 केस दर्ज हैं। वह थाना सिटी पिहोवा में दर्ज जेबतराशी के मामले में भी वांटेड था। वहीं दीपक पर भी दो मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक में वह फरार चल रहा था।




