चंडीगढ़।
राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग के प्रतिभाशाली छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन देने हेतु एक अहम निर्णय लिया है। सरकारी स्कूलों से 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई धन के अभाव में न रुके।
इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 22 जिलों से कुल 547 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। प्रत्येक छात्र को 1 लाख 11 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। सोनीपत जिले के 13 मेधावी छात्र भी इस सूची में शामिल हैं, जिन्हें सीधे इस योजना का लाभ मिलेगा।
शिक्षा विभाग द्वारा सभी जिलों के पात्र छात्रों की सूची जिला शिक्षा अधिकारियों को भेज दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों से संबंधित विवरण और आवश्यक दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराएं। सभी खातों का आधार से जुड़ा होना जरूरी बताया गया है, जिससे राशि सीधे छात्रों के खातों में भेजी जा सके।
सरकार इस योजना के तहत कुल 6 करोड़ 7 लाख 17 हजार रुपये की राशि वितरित करेगी। यह सहायता छात्रों को कॉलेज फीस, पाठ्य सामग्री और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि यह वन-टाइम स्कॉलरशिप योजना एससी वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की गई है। मुख्यालय से सभी जिलों को समयबद्ध तरीके से जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा शाखा की ई-मेल पर डेटा भेजने की अंतिम तिथि आज निर्धारित की गई है।




