इंसाइट न्यूज 24: भारत ने गुरुवार को रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की। ओडिशा के अब्दुल कलाम द्वीप से अग्नि-5 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया। यह मिसाइल अपनी लंबी दूरी और अत्याधुनिक तकनीक के लिए जानी जाती है।
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, अग्नि-5 की मारक क्षमता लगभग 5,000 किलोमीटर से अधिक मानी जाती है। इसकी खासियत यह है कि यह परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है और दुश्मन की मिसाइल प्रणाली को चकमा देने की तकनीक से लैस है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह परीक्षण पूरी तरह सफल रहा और सभी निर्धारित मानकों को हासिल किया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस मिसाइल के सफल प्रदर्शन से भारत की सामरिक शक्ति और भी मजबूत होगी और यह देश की सुरक्षा चक्र को और अभेद्य बनाएगा।
विशेषज्ञ मानते हैं कि यह उपलब्धि न केवल भारत की रक्षा क्षमता को सशक्त बनाती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की रणनीतिक स्थिति को भी मजबूती देती है।




