कुरुक्षेत्र, 26 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत और विकासात्मक उपलब्धियों के कारण देश में एक विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि जहां गीता की जन्मस्थली विश्वभर में ज्ञान का प्रकाश फैलाती है, वहीं हरियाणा सरकार की उपलब्धियाँ राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करती हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में लगी “प्रगतिशील हरियाणा” प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस प्रदर्शनी में पिछले 11 वर्षों से लेकर मौजूदा कार्यकाल तक हरियाणा सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनसेवा से जुड़े प्रयासों को अभिलेखों, कहानियों और तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय विकास कार्यों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
शहीदी स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रदर्शनी में दर्शाए गए ऐतिहासिक महत्व, प्रदेश की गौरवगाथा और विकासात्मक पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने अन्य उपस्थित अतिथियों को भी प्रदर्शनी के विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी दी।




