इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 8 सितम्बर : अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि विभाग ने गांव दयालपुर में एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. प्रोमिला ने साक्षरता के व्यापक अर्थ को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना नहीं, बल्कि यह डिजिटल पहुंच, सामाजिक समानता और सतत विकास से जुड़ा एक मौलिक अधिकार है।”
इस अवसर पर एलएलबी और एलएलएम के छात्रों ने किशोर न्याय, वरिष्ठ नागरिक कल्याण अधिनियम 2007, साइबर कानून, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 जैसे विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया। छात्र मयंक, साहिल, कशिश, मनीष, कृष्ण, तृप्ति, महक, शिवानी, श्रुति, सिमरन, साजन, अंश, प्रिंसी, निवेदिता, प्रियंका, सचिन और मुस्कान ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. आरुषि मित्तल ने विभागाध्यक्ष प्रो. प्रीति जैन सहित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। डॉ. प्रियंका और गांव के अन्य नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह आयोजन एक सफल सामाजिक पहल बन गया।




