कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) में बुधवार से श्रीराम कथा की शुरुआत होगी। इस कथा का वाचन वृंदावन के ठाकुर संजीव कृष्ण शास्त्री करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य यजमान के रूप में कार्यक्रम में शामिल होकर कथा का शुभारंभ करेंगे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह कथा प्रसिद्ध आचार्य श्रीराम भद्राचार्य द्वारा सुनाई जानी थी। वे पहली बार हरियाणा में कथा करने आ रहे थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे। इसके बाद आयोजकों ने ठाकुर संजीव कृष्ण शास्त्री को वाचन के लिए आमंत्रित किया है।
सीएम सैनी करेंगे राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन
कथा के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा पवेलियन का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही वे पुरुषोत्तम बाग में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। यह प्रदर्शनी राज्य की भाषाई विविधता और मीडिया से जुड़ी गतिविधियों पर आधारित होगी।
कंवर ग्रेवाल का कार्यक्रम स्थगित
इस बीच, सूफी गायक कंवर ग्रेवाल का बीती रात होने वाला कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्रह्मसरोवर पर संध्याकालीन आरती में शामिल होने के कारण कार्यक्रम पोस्टपोन किया गया। नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।




