इंसाइट न्यूज 24, मुंबई — भारतीय सिनेमा में एक नई साझेदारी ने हलचल मचा दी है। करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स ने पीपल मीडिया फैक्ट्री के साथ हाथ मिलाया है, जिससे तेजा सज्जा अभिनीत फिल्म मिराई अब हिंदी बाजारों में भी रिलीज़ होगी।
फिल्म के पोस्टर और टीज़र पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता जगा चुके हैं। ‘वाइब है बेबी’ गाने की लोकप्रियता ने इस फिल्म को सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग बना दिया है। अब धर्मा प्रोडक्शन्स के जुड़ने से उम्मीद की जा रही है कि मिराई देशभर में एक भव्य ओपनिंग करेगी।
करण जौहर ने कहा, “मिराई की भव्यता और कहानी ने हमें तुरंत आकर्षित किया। यह फिल्म न सिर्फ एक्शन से भरपूर है, बल्कि भारतीय संस्कृति की गहराई को भी दर्शाती है।”
फिल्म का निर्देशन किया है कार्तिक गट्टमनेनी ने, और इसमें मनोज मांचू, ऋतिका नायक, जगपति बाबू और श्रिया सरन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। मिराई की कहानी एक योद्धा की है, जिसे नौ पवित्र ग्रंथों की रक्षा का जिम्मा सौंपा गया है।




