इंसाइट न्यूज 24 : भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए स्वदेशी लड़ाकू एआई ड्रोन ‘काला भैरव’ पेश किया है। यह ड्रोन बेंगलुरु स्थित फ्लाइंग वेज डिफेंस एंड एयरोस्पेस (FWDA) द्वारा विकसित किया गया है।
इस ड्रोन की सबसे बड़ी खासियत है कि यह लगातार 30 घंटे तक उड़ान भर सकता है, दुश्मन पर सामूहिक (Swarm Strike) हमला करने की क्षमता रखता है और मध्यम ऊंचाई तथा लंबी दूरी (MALE – Medium Altitude Long Endurance) श्रेणी में आता है।
रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ‘काला भैरव’ तकनीक और प्रदर्शन के मामले में विदेशी ड्रोन जैसे अमेरिकी प्रिडेटर से मुकाबला करता है, लेकिन इसकी लागत अपेक्षाकृत काफी कम है, जिससे भारत की सामरिक क्षमता और आत्मनिर्भरता दोनों मजबूत होंगी।
यह ड्रोन निगरानी, सीमा सुरक्षा, युद्ध संचालन और आपातकालीन हालात में तेज़ी से कार्रवाई करने में मदद करेगा। साथ ही इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित नेविगेशन और लक्ष्य पहचान प्रणाली शामिल है, जिससे यह बिना मानवीय दखल के भी प्रभावी ढंग से कार्य कर सकता है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले समय में ‘काला भैरव’ भारतीय रक्षा बलों की रीढ़ साबित हो सकता है और मेक-इन-इंडिया पहल को नई गति देगा।




