कुरुक्षेत्र, 9 अक्तूबर : शहर की स्वच्छता और सौंदर्य को बढ़ाने के लिए हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने नगर परिषद थानेसर कार्यालय में अधिकारियों और पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने घोषणा की कि एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से 100 नए सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र एक सीएम सिटी और प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां वीवीआईपी और हजारों पर्यटक रोज़ाना आते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता उसकी छवि का पहला परिचय बनती है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सफाई मित्र ईमानदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन बढ़ती जनसंख्या और क्षेत्रफल के कारण अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता है।
त्योहारी सीजन और गीता जयंती को ध्यान में रखते हुए शहर को सजाने की योजना भी बनाई गई है। चौक-चौराहों को महाभारत थीम पर सजाया जाएगा, रंग-बिरंगी लड़ियाँ और लाइटिंग लगाई जाएगी, जिससे शहर की सांस्कृतिक पहचान और सुंदरता दोनों निखरेंगी।
सुधा ने यह भी बताया कि कूड़ा उठान के लिए ट्रैक्टर-ट्राली, जेसीबी और अन्य उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी। नगर आयुक्त अमन कुमार ने पार्षदों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। जल्द ही नगर परिषद कार्यालय के कांफ्रेंस रूम में माइक, एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्टर जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।



