महेंद्रगढ़, जिला महेंद्रगढ़ के कनीना कस्बे में एक 42 वर्षीय होटल मालिक की अचानक मौत का मामला सामने आया है। होटल के अंदर कुर्सी पर बैठे-बैठे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह नीचे गिर पड़ा। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें होटल मालिक मोबाइल देखते हुए अचानक कुर्सी से लुढ़कता दिखाई दे रहा है। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट फेल माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कनीना के गांव गाहड़ा निवासी सुनील शर्मा के रूप में हुई है। सुनील शर्मा ने कनीना में ‘सूरज होटल’ के नाम से होटल खोल रखा था, जिसे उन्होंने किराये पर दिया हुआ था। उनका मुख्य व्यवसाय पशु आहार बनाने का था, जबकि राजस्थान में कंस्ट्रक्शन के ठेके भी ले रखे थे।
बताया गया है कि शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे सुनील शर्मा खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। टहलने के बाद वह सीधे अपने होटल पहुंचे और काउंटर के पास रखी कुर्सी पर बैठ गए। इसके बाद वह मोबाइल देखने लगे।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुनील शर्मा करीब दो से तीन मिनट तक कुर्सी पर झूलते हुए मोबाइल देखते रहे। इस दौरान उन्होंने अपने पैर एक टेबल के सहारे टिकाए हुए थे। कुछ देर बाद उन्हें नींद आने जैसी स्थिति हुई, वह एक-दो बार हिले-डुले और अचानक कुर्सी से नीचे गिर पड़े।
उन्हें गिरता देख होटल में मौजूद किरायेदार और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत उठाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार मृतक का पोस्टमॉर्टम आज कनीना के अस्पताल में कराया जाएगा। सुनील शर्मा अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें बड़ा बेटा करीब 15 साल का, बेटी 13 साल की और सबसे छोटा बेटा उससे कम उम्र का है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




